नगपुरा के कांदा टोला में सुबह गिरा मकान, छह बकरियों की मौत
मलबे में दबे पति-पत्नी और बच्चा, ग्रामीणों की मदद से तीनों को सुरक्षित निकाला
साहिल खान
बुढार। जनपद पंचायत बुढार के ग्राम पंचायत नगपुरा के कांदा टोला में सोमवार सुबह करीब पांच बजे एक मकान अचानक गिर गया। हादसे के समय दादू लाल पिता रमहल्ली बैगा का परिवार घर में सो रहा था। मकान गिरने से घर में बंधी छह बकरियां मलबे में दब गईं, जिनकी मौत हो गई। वहीं दूसरे कमरे में सो रहे दादू लाल, उनकी पत्नी और एक बच्चा भी मलबे में दब गए।
मकान गिरने की आवाज और घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने तत्काल परिवार को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को भी फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सरपंच-सचिव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया।
काफी प्रयास के बाद मलबे में दबे दादू लाल, उनकी पत्नी और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में चोट आने के कारण तीनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद कुछ देर तक गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बताया गया कि मकान गिरने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घर में बंधी छह बकरियों की मौत हो जाने से परिवार को आर्थिक क्षति भी हुई है। घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों की तत्परता और पंचायत के सरपंच-सचिव के समय पर मौके पर पहुंचने से मलबे में दबे परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हालांकि मकान गिरने से परिवार के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासन से मदद मिलने की उम्मीद है।

