बिहार पुलिस और दिल्ली पुलिस ने 4 बदमाशों का किया एनकाउंटर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी में बिहार पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात 2 बजकर 20 मिनट पर बिहार के चार बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर रोहिणी के बहादुर शाह मार्ग पर डॉक्टर अंबेडकर चौक से लेकर पंसाली चौक तक चला। जानकारी के मुताबिक बदमाशों और पुलिस के बीच जमकर गोलीबारी हुई। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ये सभी बिहार चुनाव में भी किसी वारदात को अंजाम देने वाले थे।
इन बदमाशों की पहचान भी हो गई है। एनकाउंटर में रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद सभी को रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
एनकाउंटर में दो से तीन पुलिसकर्मी घायल
सूत्रों के अनुसार, एनकांउटर में कम से कम दो से तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का नेतृत्व डीसीपी संजीव यादव कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों की तलाश लंबे समय से चल रही थी। बुधवार देर रात इन बदमाशों का लोकेशन रोहिणी में मिली, जिसके बाद इनके खिलाफ एक्शन लिया गया।
साभार नवभारत टाइम्स

