बुधवार की शाम 7.30 से 7.42 तक ब्लैक आउट
जबलपुर।पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में उपजे तनाव के बीच केंद्र सरकार के निर्देशानुसार देश भर में बुधवार को मॉक ड्रिल होगी। इसके तहत मध्यप्रदेश के चुनिंदा शहरों में मॉक ड्रिल की जाएगी। इनमें राजधानी भोपाल के अलावा जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, कटनी जिला शामिल है। जबलपुर में प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। इसके तहत बुधवार को पूरे शहर की बिजली 10 मिनट के लिए बंद कर दी जाएगी।
सभी चौक-चौराहों एवं अन्य प्रमुख स्थानों को मिलाकर कुल.... जगहों पर सायरन बजाए जाएंगे। सड़कों पर वाहनों के पहिए भी थम जाएंगे जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने मंगलवार को कहा कि बुधवार 7.30 से 7.42 तक ब्लैक आउट किया जाएगा। इसके पूर्व शाम 4 बजे शहर के कई क्षेत्रों में मॉकड्रिल होगी।
यह जानकारी कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने दी। कलेक्टर ने कहा कि ब्लेक आउट और मॉकड्रिल कोई खतरे के लिए नहीं है युद्ध के दौरान बचाव के तरीकों की मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान सड़कों पर गाड़ियों के पहिए भी थम जाएंगे।
वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन के वाहनों में लगे सायरन भी बजाए जाएंगे। कलेक्टर सक्सेना ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान लोगों से अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने का भी निर्देश दिया गया है। घरों और दुकानों पर इन्वर्टर भी चालू नहीं करने की अपील की गई है। यह मॉक ड्रिल लगभग 10 मिनट तक चलेगी।
7 बजकर 42 मिनट पर बिजली व्यवस्था फिर से बहाल कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार मॉक ड्रिल के दौरान जबलपुर के महत्वपूर्ण जगहों पर एक साथ सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियां सड़क पर दौड़ेंगी। लोगों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को इस संबंध में सर्कुलर भेजा है। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सरकार मॉक कर रही है। सिविल डिफेंस के साथ ही होमगार्ड, एनसीसी और स्कूलों-कॉलेजों के बच्चों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया जा सकता है। इसमें हवाई हमले स्थिति में बचाव की तैयारियों पर जोर दिया जाएगा।

