चीन ने अफगानिस्तान में किया अपना राजदूत नियुक्त

  • Share on :

काबुल बीजिंग। चीन ने अफगानिस्तान में अपना राजदूत नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही वह दुनिया का पहला देश है, जिसने तालिबान की सरकार को मंजूरी दी है और उससे कूटनीतिक रिश्ते कायम कर लिए हैं। बुधवार को चीनी राजदूत झाओ शिंग ने तालिबान के पीएम से मुलाकात की और उन्हें अपनी नियुक्ति के बारे में जानकारी दी। अब तक किसी भी अन्य देश ने तालिबान से कूटनीतिक रिश्ते नहीं रखे हैं और सरकार को मान्यता भी नहीं दी है। ऐसे में चीन का यह कदम अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से अहम है। 
तालिबान सरकार के उप-प्रवक्ता बिलाल करीमी ने कहा, 'इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के पीएम मोहम्मद हसन अखुंद ने चीनी राजदूत झाओ शिंग की नियुक्ति को स्वीकार किया है।' तालिबान सरकार ने भी माना कि 2021 अगस्त में उसके अफगानिस्तान की सत्ता में काबिज होने के बाद किसी भी देश की ओर से राजदूत की यह पहली नियुक्ति है। बता दें कि इससे पहले भी चीन ने अपने पुराने राजदूत को वापस नहीं बुलाया था। 2019 में वांग यु अफगानिस्तान में चीन के राजदूत बने थे और पिछले महीने कार्यकाल समाप्त होने तक वहां बने हुए थे। हालांकि अहम सवाल यह है कि आखिर जिस तालिबान को दुनिया अछूत मानती है, उसे चीन इतना भाव क्यों दे रहा है।
इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स के शोधकर्ता अन्वेषा घोष के मुताबिक चीन के तालिबान से रिश्ते रखने में कई हित सधते हैं। पहला यह कि उसके यहां उइगुर मुस्लिमों का एक संगठन ईस्ट तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट सक्रिय रहा है। यह चरमपंथी संगठन है, जिसके तालिबान से रिश्ते बताए जाते हैं। ऐसे में चीन नहीं चाहता कि वह आतंकवाद को पनपने दे। इसकी पहली कोशिश तालिबान से दोस्ती के तौर पर ही वह करना चाहता है ताकि अफगान धरती पर अपने खिलाफ किसी भी गतिविधि पर रोक लगा सके। उसे लगता है कि उइगुर बहुल शिनजियांग में स्थिरता के लिए यह जरूरी है कि सीमा से लगते अफगानिस्तान से दोस्ती बनी रहे। 
Credit - लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper