मध्य प्रदेश में ठंड ने तोड़े सारे रिकॉर्ड... पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ

  • Share on :

भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पचमढ़ी में तापमान 1 डिग्री सेल्सियस के भी नीचे पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजगढ़ में 1.6, शाजापुर में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तो वहीं सीहोर में 2.7 और भोपाल में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कड़ाके की सर्दी महसूस हुई। उत्तर भारतीय राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन की स्थिति निर्मित कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम इसी तरह बन सकता है। हालांकि, 10 जनवरी के बाद तेज ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
बुधवार को भोपाल, शाजापुर, राजगढ़ और सीहोर में तीव्र शीत लहर चली। रतलाम, सिवनी मालवा और नीमच में भी शीत लहर का प्रभाव दिखाई दिया। ग्वालियर में दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 10 जनवरी तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंच सकता है। उसके प्रभाव से एमपी के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा और प्रदेश से कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है।
एमपी के अन्य जिलों के न्यूनतम तापमान की बात करें तो मंडला में 5.1, बालाघाट में 5.5, उमरिया में 5.5, टीकमगढ़ में 6.5, जबलपुर में 7, उज्जैन में 6, रतलाम में 5.8, रायसेन में 5.1, गुना में 5.4, ग्वालियर में 6.6 और भोपाल में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश की प्रमुख जिलों की न्यूनतम तापमान को देखा जाए तो अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। राजगढ़ में सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया यह अब तक की मध्य प्रदेश में सबसे बड़ी गिरावट है।
वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान रीवा में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बालाघाट में 20 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर में 21.2, उज्जैन में 24.5, पचमढ़ी में 22, इंदौर में 24.5, भोपाल में 22 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को राजगढ़ जिले में शीत लहर चलने और शीतल दिन रहने की चेतावनी जारी की है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल और शाजापुर जिलों में शीत लहर चल सकती है। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जिलों में घना कोहरा छाए रह सकता है। सिंगरौली, रीवा, सीधी, मऊगंज, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मंदसौर और नीमच जिलों में शीतल दिन रह सकता है। इन जिलों में मध्यम कोहरा भी छाए रह सकता है। इसके अलावा अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी और मैहर जिलों में भी कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है।
साभार नवभारत टाइम्स

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper