अगले पांच दिनों तक पंजाब-हरियाणा में शीतलहर का अलर्ट, यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड

  • Share on :

नई दिल्ली। अरब सागर और उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा, 22 दिसंबर तक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचने की संभावना है। इसके कारण देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट्स के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में अगले पांच दिनों तक, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक और असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग हिस्सों में आज घना कोहरा छाने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। वहीं, तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा है कि बिहार में भी हल्का कोहरा छाया रह सकता है। अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है।
मंगलवार की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी देखी गई। उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4°C-8°C के बीच था।
राजस्थान के पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा और पारा एक डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। माउंट आबू में मैदान में लगी घास, फूल-पत्तियों, और वाहनों के शीशों पर बर्फ की परतें जमीं देखी गईं। पर्यटक स्थल पर पहुंचे सैलानियों ने गर्म कपड़ों में चहल-कदमी करते सर्दी के मौसम का आनंद उठाते नजर आए।
राज्य के अन्य स्थानों पर रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार सुबह सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में यह 4.8 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 5.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी और भीलवाड़ा में 6.4-6.4 डिग्री, वनस्थली में 7.7 डिग्री सेल्सियस, डबोक (उदयपुर) में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper