बांद्रा में सलमान खान के घर की सुरक्षा में लगे कॉन्स्टेबल गणेश रायते का निधन, अचानक बिगड़ी थी तबीयत

  • Share on :

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिसकर्मी की जान गई. मृतक पुलिसकर्मी की पहचान गणेश रायते के रूप में हुई है. उनकी उम्र 41 साल थी.  वो मुंबई पुलिस की LA-4 यूनिट में तैनात थे.  जानकारी के मुताबिक, गणेश रायते शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ड्यूटी पर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और वो मौके पर ही गिर पड़े. वहां मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गए. उन्हें इलाज के लिए भाभा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. गणेश रायते की ड्यूटी सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाई गई थी. सलमान की सुरक्षा पहले से कड़ी की गई है, जिसके चलते उनके घर के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है. 
फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. गणेश रायते की अचानक मौत से पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है. गणेश की मौत से उनके साथी पुलिसकर्मी और परिवार को गहरा सदमा लगा है. 
इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. सुरक्षा जैसी संवेदनशील ड्यूटी में तैनात जवानों को लंबे समय तक सतर्क रहना पड़ता है और कई बार अचानक होने वाली स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां गंभीर साबित हो सकती हैं. 
सलमान खान को लगातार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग से जान से मारने की धमकियां मिलती रहती हैं.  सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां भी चल चुकी हैं, जिसके बाद से सलमान की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है. भाईजान की सुरक्षा में उनके घर के बाहर कई पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं. 41 साल के गणेश रायते भी उन्हीं में से एक थे.   
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper