देशभर में मौसम का दोहरा रंग... उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप, दक्षिण में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

  • Share on :

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का दोहरा रंग देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां दक्षिण भारत में भारी बारिश, ओले गिरने और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत में धीरे-धीरे भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। मध्य महाराष्ट्र और इसके निचले स्तरों पर चक्रवाती प्रसार जारी है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ से मध्य महाराष्ट्र और इससे सटे इलाकों पर चक्रवाती प्रसार हवाओं के एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-दक्षिण में हवाओं का ट्रफ मध्य महाराष्ट्र से निचले स्तरों से होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक चक्रवाती प्रसार के रूप में जारी है। इसके कारण निचले स्तरों पर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं आपस में टकरा रही हैं। इन्हीं मौसमी गतिविधियों के कारण छत्तीसगढ़, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। इसी तरह दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश व बिजली गिरने की आशंका है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ ओले पड़ने की संभावना है। इसके कारण इन प्रदेशों में पककर खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका है। वहीं, ओडिशा, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बौछारों की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में पारा लगातार चढ़ता जा रहा है और इस वजह से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम के बदले मिजाज की वजह से दिन के तापमान में इजाफा हो रहा है। आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान पारा और ऊंचाइयों पर जा सकता है और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की वृद्धि हो सकती है। तापमान में अगर इसी तरह वृद्धि होती रही तो उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों में पारा 40 डिग्री पार कर सकता है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper