आसमान में बढ़ेगी भारत की धमक: फ्रांस के साथ 100 से ज्यादा राफेल विमानों की महाडील पर चर्चा

  • Share on :

रक्षा बजट में इजाफा करने के बाद अब भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने की तैयारी जोरों पर है। खबर है कि भारत अब फ्रांस के साथ 100 से ज्यादा राफेल विमान खरीदने के प्रस्ताव पर चर्चा करने जा रहा है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया जा रहा है, जब भारत सीमा पर पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी मुल्कों से तल्ख रिश्तों का सामना कर रहा है।
फरवरी के तीसरे हफ्ते में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे से पहले रक्षा मंत्रालय भारतीय वायु सेना के लिए 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के 3.25 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर चर्चा कर सकता है। भारतीय वायु सेना के प्रस्ताव को पिछले महीने रक्षा खरीद बोर्ड ने शुरुआती मंजूरी दे दी थी। फ्रांसीसी राष्ट्रपति के 18 फरवरी को एआई शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में रहेंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई को रक्षा सूत्रों ने बताया कि इस प्रस्ताव पर अगले हफ्ते रक्षा मंत्रालय की एक उच्च-स्तरीय बैठक में चर्चा होने की संभावना है और इसे क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय वायु सेना की ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारतीय वायु सेना के पास अभी सिर्फ लगभग 30 लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन हैं, जबकि उसकी स्वीकृत संख्या 42 है। पाकिस्तान और बांग्लादेश, और पाकिस्तान और चीन के बीच बढ़ते गठजोड़ के साथ, खतरे की आशंका और बढ़ गई है।
उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट भारतीय वायु सेना को लंबे समय तक 4.5-जेनरेशन-प्लस मल्टीरोल लड़ाकू विमान की जरूरत को पूरा करने में मदद करेगा। डील के तहत खरीदे जाने वाले 114 राफेल लड़ाकू विमानों में से लगभग 80 प्रतिशत भारत में बनाए जाने की योजना है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper