पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाली SCO बैठक में शामिल होगा भारत, पीएम मोदी को भेजा जाएगा न्योता
नई दिल्ली। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के नेशनल कोऑर्डिनेटर्स की उस बैठक में हिस्सा लेगा, जिसकी मेजबानी पाकिस्तान 28 से 30 सितंबर के बीच करेगा। सचिन पाराशर की रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक में पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों के कैलेंडर को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इन कार्यक्रमों का समापन 'काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ़ स्टेट' समिट के साथ होगा, जिसके लिए इस्लामाबाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी सदस्य देशों के नेताओं को न्योता भेजेगा।
भारत 2017 में इस SCO समूह का पूर्ण सदस्य बना। तब से भारत ने SCO की गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है; प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलनों में शामिल होते रहे हैं और विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर सरकार प्रमुखों की बैठकों में भाग लेते रहे हैं। उम्मीद है कि आलोक डिमरी सोमवार से शुरू हो रही नेशनल कोऑर्डिनेटर्स की बैठक में शामिल होंगे।
एक दशक से कोई ठोस द्विपक्षीय बातचीत न होने के बावजूद, भारत और पाकिस्तान के अधिकारी SCO से जुड़ी एक्सरसाइज के लिए एक-दूसरे के देशों का दौरा करते रहे हैं। हालांकि, मुख्य सवाल यह है कि क्या मोदी अगले साल इस्लामाबाद में होने वाले समिट में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के पाकिस्तान जाने से हिचकिचाने के कारण SAARC समिट की प्रक्रिया रुकी हुई है।
भारत ने पाकिस्तान के SCO अध्यक्ष बनने पर प्रतिक्रिया भी दी थी। भारत ने कहा था कि एससीओ की अध्यक्षता संभालने के बावजूद वह एक संस्था के रूप में संगठन से जुड़ाव बनाए रखेगा। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सीबी जॉर्ज ने कहा था कि पाकिस्तान एससीओ की अध्यक्षता ग्रहण कर रहा है। भारत एससीओ को एक इकाई, एक महत्वपूर्ण संगठन के रूप में देखता है। जहां तक अलग-अलग देशों के साथ हमारे जुड़ाव का सवाल है, उचित समय पर उचित प्राधिकरण के द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
साभार नवभारत टाइम्स

