जामिया विवाद: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का दावा- 'नहीं लगे आजाद कश्मीर के नारे, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग'
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 'आजाद कश्मीर' के नारे लगाने के आरोप लग रहे हैं। इस मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सफाई दी है। आपको बता दें कि कांग्रेस सांसद विरोध कर रहे छात्रों से मिलने जामिया मिल्लिया इस्लामिया पहुंचे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा, "वहां 'आजाद कश्मीर' का कोई नारा नहीं लगाया गया। एक भी नहीं। मैंने सबके सामने खड़े होकर ऐसे नारों की कड़ी निंदा की और कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।"
हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि जो लोग परिसर में जम्मू-कश्मीर से जुड़े पोस्टर लगा रहे थे वे इस आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे थे और उनका छात्रों के विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा, "पुलिस को ऐसे पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा।"
हिरासत में लिए जाने से पहले उन्होंने कहा, "यहां का एक बच्चा भी इसके उलट कुछ नहीं कहेगा। मैं ऐसे पोस्टर लगाकर इस आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश करने वालों की कड़ी निंदा करता हूं। छात्रों की चिंताएं जायज हैं। आप छात्र संघ को बहाल क्यों नहीं करते? वे इस देश का भविष्य हैं। इस देश के भविष्य को कुचलने की कोशिश क्यों की जा रही है?"
छात्रों की मांगों को लेकर भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने, उनकी मांगों की जांच करने और परिसर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कदम उठाने के वास्ते सात सदस्यीय उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

