40 घंटे से लापता झारखंड के CM हेमंत सोरेन, भाजपा ने उनकी सुरक्षा को खतरा बताते हुए इनाम का किया ऐलान

  • Share on :

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की 'गुमशुदगी' के दावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्ताधारी झारखंड मुक्तिमोर्चा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। भाजपा का दावा है कि जांच एजेंसी से बचने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भगोड़ा हो गए हैं। भाजपा ने उनकी सुरक्षा को खतरा बताते हुए इनाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने कहा है कि सीएम को तलाश कर लाने वाले को 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
झारखंड में भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स के जरिए तंज कसते हुए यह ऐलान किया। उन्होंने लिखा, 'झारखंड के लोगों से मार्मिक अपीलः- हमारे राज्य के मुख्यमंत्री केंद्रीय एजेंसियों के डर के मारे पिछले करीब चालीस घंटे से लोकलाज त्याग कर लापता हैं और चेहरा छिपाकर भागे-भागे फिर हैं।' 
उन्होंने आगे लिखा, 'यह न सिर्फ मुख्यमंत्री की निजी सुरक्षा के लिये खतरा है बल्कि झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता की सुरक्षा, इज्जत, मान-सम्मान भी खतरे में है। जो कोई भी बिना विलम्ब हमारे इस 'होनहार' मुख्यमंत्री को सकुशल खोजकर लाएगा उसे मेरी तरफ से ग्यारह हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।' भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने तंज कसते हुए लिखा, 'आज झारखंड के लोगों का मान सम्मान हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लापता होकर मिट्टी में मिला दिया।' उन्होंने हेमंत सोरेन का एक पोस्टर भी साझा किया जिस पर लिखा है, 'पहली बार, मुख्यमंत्री लापता।'
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह ईडी के सवालों का जवाब देने के लिए हाजिर हो जाएंगे। पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा,' माननीय मुख्यमंत्री जी झारखंड के लोगों के दिलों में हैं। झारखंड के लोग उनसे प्यार करते हैं। जब उन्होंने ईडी को समय दे दिया तो वह निश्चित समय में ईडी के सवालों का जवाब देने के लिए उपस्थित हो जाएंगे। इसको लेकर इतनी व्याकुलता क्यों है, क्यों ऐसा महौल बना दिया गया है कि लगता है कि अनावश्यक राज्य की जनता पर बोझ थोप दिया जा रहा है। सारी चीजें अनुकूल हैं। कोई भी स्थिति, परिस्थिति, संवैधानिक संस्थाओं के जो भी सवाल हैं उन पर मुख्यमंत्री जी अपनी बात रखेंगे।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper