मुंबई में बड़ी कार्रवाई: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी को एटीएस ने माहिम से किया गिरफ्तार
मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मुंबई के माहिम इलाके से 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। उसे महाराष्ट्र एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने एक गुप्त सूचना के आधार पर माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी रैपिडो राइडर और इत्र विक्रेता के तौर पर काम करने की आड़ में कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार कर रहा था। एटीएस का आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सांप्रदायिक नफरत और देश-विरोधी भावनाएं फैलाने की कोशिश कर रहा था। जांचकर्ताओं को उसके मोबाइल फोन से ऐसी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री भी मिली है।
एजेंसी के मुताबिक, आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था। आरोप है कि एक जून को उसने इस ग्रुप पर जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे, जिनमें बाबरी मस्जिद और अन्य मुद्दों का जिक्र था। एटीएस ने यह भी दावा किया कि वह 'इब्न-ए-कासिम' नाम के एक पाकिस्तान-समर्थित कट्टरपंथी टेलीग्राम चैनल का सक्रिय सदस्य था। यह गिरफ्तारी उस घटना के कुछ महीनों बाद हुई है, जब जुलाई में गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया था। इन पांच आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कदीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन करदिया के रूप में हुई थी। इन्हें गुजरात के पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खाडियाल गांव से गिरफ्तार किया गया था।
साभार अमर उजाला

