नोटिस के बावजूद अड़ गए मनोज जरांगे

  • Share on :

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने मुंबई का आजाद मैदान खाली करने से इनकार कर दिया। मंगलवार को उन्होंने कहा कि भले ही मेरी मृत्यु हो जाए, मैं इस आजाद मैदान से नहीं उठूंगा। जरांगे ने कहा, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मेरी विनती है। मैं बता रहा हूं कि आप सोमवार को आने वाले जनाक्रोश को सहन नहीं कर पाएंगे। प्रदर्शनकारी अगर शनिवार और सोमवार को मुंबई आएं तो बेहतर होगा। भले ही मेरी मृत्यु हो जाए, मैं इस आजाद मैदान से नहीं उठूंगा। भले ही मैं मर जाऊं, आप चुप रहें।'
इससे पहले, मुंबई पुलिस ने मनोज जरांगे और उनकी कोर टीम को मंगलवार को एक नोटिस जारी किया और मुंबई का आजाद मैदान खाली करने को कहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जरांगे मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मराठा आरक्षण प्रदर्शनकारियों ने मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार पुलिस की ओर से आंदोलन-पूर्व निर्धारित शर्तों का उल्लंघन किया, इसलिए आजाद मैदान पुलिस ने जरांगे और उनकी कोर टीम को नोटिस जारी किया। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में जरांगे का अनशन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper