बिहार की बड़ी हस्तियों ने पटना में अपना मतदान किया, वोट डालने के बाद एक साथ दिखा लालू परिवार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। सीएम नीतीश कुमार से लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव तक, बिहार की बड़ी हस्तियों ने पटना में अपना मतदान किया। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता भाग लेंगे। कुल 1314 उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। NDA (बीजेपी-जेडीयू) और महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-वामपंथी) के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी तीसरा विकल्प बनकर उभरी है। इस चरण में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ 16 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है। महुआ सीट पर तेजस्वी के बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव बहुकोणीय मुकाबले में फंसे हैं। तेज प्रताप इस सीट पर राजद विधायक मुकेश रौशन को चुनौती दे रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के संजय सिंह और 2020 में दूसरे स्थान पर रहीं आसमा परवीन निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

