सिंहस्थ 2028: उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण पर सहमति, मस्जिद का बाधक हिस्सा खुद हटाएगा मुस्लिम समाज

  • Share on :

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन के कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक 15 मीटर सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। करीब 900 मीटर लंबे इस मार्ग पर निर्माण में बाधा बन रहे 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। हालांकि शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को लेकर पिछले दिनों तनाव और विरोध की स्थिति बनी और प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान उज्जैन में पथराव की स्थिति बनी। पुलिस ने भीड़ को तितर बीतर करने के लिए आंसू गैस के गोल छोड़े।
कार्रवाई की आशंका को देखते हुए यहां जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने के बाद शनिवार रात से मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास की सड़कों पर एकत्र होने लगे और नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध का सिलसिला रविवार रात तक जारी रहा। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों, मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों और शहर काजी के बीच लंबी बैठक हुई। कई घंटे चली बातचीत और प्रशासन की समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसके बाद रातभर जारी विरोध समाप्त हो गया और प्रदर्शनकारी शांत होकर लौट गए।
शहर काजी खलीफुर्रहमान ने बताया कि प्रशासन के साथ आपसी सहमति बन गई है। सहमति के अनुसार सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को मुस्लिम समाज की ओर से स्वयं हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मस्जिद के प्रभावित हिस्से को बचाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इस मामले में सोमवार को महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। वहीं नगर निगम और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। यदि अदालत की ओर से कोई कानूनी अड़चन नहीं आती है तो सोमवार से सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे अन्य बाधक धार्मिक स्थलों को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था जारी है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper