दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 221 रनों के बड़े अंतर से हराया

  • Share on :

मुंबई। दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में इंग्लैंड को हराकर तीसरी जीत दर्ज की है। उसने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार (21 अक्तूबर) को गत चैंपियन टीम को 229 रन से हरा दिया। इंग्लैंड की वनडे में यह रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। उसे 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में 221 रन से मिली थी। इंग्लैंड को विश्व कप के मौजूदा संस्करण में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है और वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के छह अंक हो गए हैं और वह तीसरे नंबर पर ही काबिज है।
विश्व कप में आईसीसी के किसी पूर्णकालिक सदस्य टीम की यह दूसरी बड़ी हार है। 2015 में वेस्टइंडीज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 257 रन से शिकस्त मिली थी। अब इंग्लैंड इस मामले में दूसरे स्थान पर आ गया है। ग्रेनाडा में न्यूजीलैंड को 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 215 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
पिछले मैच में नीदरलैंड से हारने वाली दक्षिण अफ्रीका ने धमाकेदार जीत के साथ वापसी की है। हेनरिच क्लासेन ने इस साल की अपनी तीसरी और कुल चौथी शतकीय पारी खेली। मार्को यानसेन ने भी 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की आतिशी पारी खेली जिसमें तीन चौके और छह छक्के शामिल थे।
पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने रीजा हेंड्रिक्स (85) और रसी वान डर डुसेन (60) की मदद से अच्छी शुरुआत की थी। दोनों ने दूसरे विकेट पर 121 रन की साझेदारी की। उनके आउट होने के बाद पारी के मध्य ओवरों में अफ्रीकी टीम लड़खड़ाने लगी थी तो क्लासेन और यानसेन ने संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 77 गेंदों पर 151 रन की साझेदारी हुई। इस मैच में कप्तान तेम्बा बावुमा अस्वस्थ होने के कारण नहीं उतरे। एडेन माार्करम ने दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी संभाली। मैच के दौरान गर्मी और उमस के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ी परेशान नजर आए। क्लासेन की मांसपेशियों में खिंचाव भी आया लेकिन उन्होंने पिच पर डटे रहने का फैसला किया। उन्होंने 47वें ओवर में मार्क वुड की गेंद पर एक छक्का और चौका लगाते हुए अपना शतक पूरा किया।
क्लासेन और यानसेन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम दस ओवरों में 143 रन बनाए जिसमें 84 रन अंतिम पांच ओवरों में बनाए गए थे। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक पारी की चौथी गेंद पर आउट हो गए थे। उसके बावजूद रीजा और डुसेन की मदद से टीम ने पावरप्ले में 59 रन बटोरे। डेविड मिलर पांच, क्विंटन डिकॉक चार और गेराल्ड कोएत्जे तीन रन बनाकर आउट हुए। केशव महाराज एक रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए रीस टॉप्ली ने तीन विकेट लिए। गस एटिंकसन और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।
इंग्लैंड की बात करें तो उसके किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड ने सबसे ज्यादा नाबाद 43 रन बनाए। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले गस एटिंकसन ने 35 रन बनाए।
हैरी ब्रूक 17, जोस बटलर 15, डेविड विली 12, जॉनी बेयरस्टो और आदिल रशीद 10-10 रन बनाकर आउट हुए। डेविड मलान छह, बेन स्टोक्स पांच और जो रूट दो रन बनाकर आउट हुए। रीस टॉप्ली चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उन्हें एब्सेंट हर्ट घोषित किया गया। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। लुंगी एंगिडी और मार्को यानसेन ने दो-दो विकेट लिए। कगिसो रबाडा और केशव महाराज को एक-एक सफलता मिली।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper