महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पखवाड़े का भव्य समापन समारोह संपन्न
जिले में फिफ्थ डाइमेंशन एकेडमी द्वारा संचालित “सेव टूरिज्म डेस्टिनेशन फॉर वुमेन” परियोजना के तहत आयोजन
महेन्द्र मालवीय/ रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर जिले में संचालित महत्वाकांक्षी परियोजना “सेव टूरिज्म डेस्टिनेशन फॉर वुमेन” के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पखवाड़े (25 नवंबर से 10 दिसंबर) का आज भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 250-300 पर्यटन सखियाँ एवं विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में एस.आई. श्री सुनील पाटिल, साईबर क्राइम एक्सपर्ट से श्री महेंद्र प्रताप सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव एडवोकेट श्री संतोष देवताले व डी ए.टी.सी.सी बुरहानपुर से श्रीमती राजकुमारी ठाकुर व श्री मोहम्मद नौशाद उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने “महिला हिंसा को रोकें – हम कैसे आगे बढ़ सकते हैं” विषय पर अपने प्रेरक विचार साझा किए तथा महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर बल दिया।
संस्थापक श्रीमती माधुरी शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए परियोजना की अब तक की यात्रा, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से जिले को महिलाओं के लिए पूर्णतः सुरक्षित पर्यटन स्थल बनाने का संकल्प लिया गया है तथा इसके लिए पर्यटन सखियों का व्यापक प्रशिक्षण, सामुदायिक जागरूकता अभियान एवं पुलिस-प्रशासन के साथ सतत समन्वय किया जा रहा है।
श्रीमती शर्मा ने कहा, “आज का यह आयोजन केवल समापन नहीं, बल्कि महिला हिंसा के खिलाफ एक नई शुरुआत है। हमारी पर्यटन सखियाँ न केवल पर्यटकों की सहेली हैं, बल्कि समाज में सुरक्षा एवं सम्मान की सशक्त आवाज भी बन रही हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिला हिंसा के खिलाफ एकजुटता की शपथ ली तथा आगे भी इस मुहिम को तेज गति से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
द फिफ्थ डाइमेंशन एकेडमी की यह पहल बुरहानपुर को महिलाओं के लिए देश का सबसे सुरक्षित पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।

