हाईकमान नाराज... कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘आतंकियों की बहन’ बताने वाले मंत्री की छिन सकती है कुर्सी,
नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए बयान से भाजपा नेतृत्व बेहद खफा है। आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह का पद खतरे में है। माना जा रहा है कि उन्हें मोहन यादव कैबिनेट से इस्तीफा देने को कहा जा सकता है या फिर बर्खास्त भी किया जा सकता है। इससे पहले हाई कोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
अपने मंत्री से सीएम मोहन यादव भी नाराज हैं। देर रात मुख्यमंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ बैठक की। इसमें विजय शाह को लेकर मंथन किया गया। इसके बाद सीएम ऑफिस के सोशल हैंडल से हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करने की बात कही गई। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी विजय शाह के बयान की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद इंदौर के मानपुर पुलिस थाने में विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हितिका वासल ने कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने का कृत्य), धारा 196 (1) (बी) (अलग-अलग समुदायों के आपसी सद्भाव पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला ऐसा कृत्य जिससे सार्वजनिक शांति भंग होती हो या भंग होने की आशंका हो) और धारा 197 (1) (सी) (किसी समुदाय के सदस्य को लेकर ऐसी बात कहना जिससे अलग-अलग समुदायों के आपसी सद्भाव पर विपरीत असर पड़ता हो या उनके बीच शत्रुता या घृणा या दुर्भावना की भावना पनपती हो या पनपने की आशंका हो) के तहत दर्ज की गई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान