सांसद, विधायक एवं कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय पाकर बघर्रा में छात्र-छात्राओं को पहनाए जूते-मौजे
‘Soles for Souls’ पहल के तहत बच्चों से किया संवाद, पढ़ाई और कैरियर के लिए किया प्रोत्साहित
शिवम् प्रजापति
डिंडौरी। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पाकर बघर्रा में नवाचार के तहत ‘Soles for Souls’ पहल के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को जूते-मौजे पहनाए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित करना है।
इस दौरान सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने छात्राओं से पढ़ाई और उनकी आवश्यकताओं को लेकर संवाद किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने मन की बात और अपनी जरूरतों को बेझिझक साझा करें। कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी रुचियों, भविष्य की योजनाओं और पढ़ाई पूरी करने के बाद कैरियर के विकल्पों के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ श्री अशोक कुमार सोलंकी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

