रूस और जापान में भूकंप के बाद आई सुनामी
बुधवार तड़के रूस के सुदूर पूर्व में कामचटका प्रायद्वीप के पास आए 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। जापान और रूस के तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें टकराईं हैं जिससे भारी नुकसान हुआ है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार यह भूकंप अब तक दर्ज किए गए छह सबसे बड़े भूकंपों में से एक है। इसका केंद्र रूस के पेत्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर से लगभग 125 किलोमीटर दक्षिणपूर्व और समुद्रतल से 19 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के झटकों के तुरंत बाद जापान और रूस के कई हिस्सों में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया था। जापान की राष्ट्रीय प्रसारक NHK ने चेतावनी दी कि बड़ी लहरें अभी और आ सकती हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने बताया कि उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में, खासकर होक्काइदो से लेकर वाकायामा (ओसाका के पास) तक, तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
जापान की BNO न्यूज के अनुसार, जापान के तट पर चार व्हेलें बहकर आ गईं, जिससे समुद्री जीवन पर भी प्रभाव पड़ा है। समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार, सुनामी की लहरें कुछ स्थानों पर 4 मीटर तक ऊंची थीं, जिससे बंदरगाहों और तटीय इमारतों को नुकसान हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रूस के तटीय इलाकों में इमारतों को जलमग्न होते देखा गया।
रूस और जापान दोनों ही देशों के तटीय इलाकों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कामचाटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने वीडियो संदेश में बताया, "आज का भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली था।" रूस के आपातकालीन विभाग ने कामचाटका के दक्षिण में स्थित सेवेरो-कुरील्स्क जैसे कस्बों में लोगों को घर खाली करने का आदेश दिया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान