आंगन मिलन सेवा अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर “मेरी कहानी-मेरी सफलता” योजना लाभार्थी संवाद कार्यक्रम सम्पन्न
वीरेंद्र चौहान
हरदा -सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “आंगन मिलन सेवा अभियान” के तहत विधानसभा हरदा क्षेत्र की परियोजना हरदा शहरी, हरदा ग्रामीण-1 एवं हरदा ग्रामीण-2 के कुल 267 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आंगनबाड़ी सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों, माताओं एवं परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग हरदा श्री विवेक शर्मा ने बताया कि अभियान के तृतीय दिवस पर विशेष रूप से “मेरी कहानी-मेरी सफलता” योजना लाभार्थी संवाद गतिविधि आयोजित की गई। गतिविधि का उद्देश्य विभागीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों को साझा करना तथा अन्य महिलाओं एवं परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
तृतीय दिवस आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभागीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों पर आधारित वीडियो तैयार कर प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से योजनाओं से प्राप्त लाभ एवं महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही बच्चों एवं माताओं से जुड़ी शासन की पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण संबंधी योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज बोलचाल की भाषा में दी गई। लाभार्थी माताओं के अनुभवों को अन्य उपस्थित महिलाओं के साथ साझा करते हुए उन्हें भी पात्रतानुसार विभागीय योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों में उत्साह एवं खुशी का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से फलों एवं मिठाई का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवाएं प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित माताओं एवं समुदाय के सदस्यों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल शासकीय सेवाओं के वितरण स्थल के रूप में नहीं, बल्कि माताओं, बच्चों एवं समुदाय के संवाद और सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया गया। अभियान के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला कल्याण तथा विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया गया। महिला एवं बाल विकास, हरदा द्वारा आयोजित अभियान अंतर्गत गतिविधि में लाभार्थी माताओं एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता रही। तीनों परियोजनाओं के 267 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

