16 वर्षीय नाबालिग बालिका गुजरात से दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार
करैरा पुलिस की तत्पर कार्रवाई; अपहरण के प्रकरण में धाराओं का इजाफा कर आरोपी को न्यायालय में किया पेश
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा। नाबालिग बालिका की तलाश एवं दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय बालिका को अहमदाबाद, गुजरात से दस्तयाब कर लिया। मामले में पुलिस ने एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 अगस्त 2026 को फरियादी ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 552/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक याँगचेन डोलकर भुटिया के निर्देश पर नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालिका की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने अहमदाबाद, गुजरात से बालिका को दस्तयाब किया।
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण की विवेचना के दौरान धारा 64(1), 64(2)(एम) बीएनएस तथा 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट की धाराओं का इजाफा किया गया। मामले में आरोपी गिल्ला उर्फ कमल सिंह परिहार पुत्र ठाकुरदास परिहार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम चौका, थाना करैरा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति के निर्देशन एवं एसडीओपी करैरा आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक तेज सिंह गौड़, प्रधान आरक्षक 891 डैनी कुमार, आरक्षक 121 नीरज सिंह एवं महिला आरक्षक नीलम परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से नाबालिग बालिका की सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित हुई और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

