जिला जेल विदिशा में बंदियों के लिए 30 दिवसीय घरेलू विद्युत सेवा उद्यमी प्रशिक्षण प्रारंभ

  • Share on :

बंदी हाउस वायरिंग एवं छोटे घरेलू विद्युत उपकरणों की मरम्मत का प्राप्त करेंगे सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला जेल विदिशा में बंदियों को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके पुनर्वास के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज शुक्रवार 20 नवंबर  से एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI) के माध्यम से 30 दिवसीय घरेलू विद्युत सेवा उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 बंदी सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को हाउस वायरिंग तथा छोटे घरेलू विद्युत उपकरणों की मरम्मत से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसमें विद्युत कार्यों के विभिन्न पहलुओं का सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षणार्थी कार्य को स्वयं करके सीख सकें और आवश्यक तकनीकी दक्षता हासिल कर सकें।प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को उपयोगी व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है, ताकि जेल से रिहा होने के बाद वे स्वरोजगार अथवा रोजगार के माध्यम से सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें। घरेलू विद्युत सेवाओं से जुड़े कार्यों में दक्षता प्राप्त होने से बंदियों के लिए आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे। जेल अधीक्षक श्री पीड़ी श्रीवास्तव ने बताया है कि यह पहल बंदियों के कौशल उन्नयन, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बंदियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होंगे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper