नैना देवी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पलटने से 6 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के तीर्थस्थल माता नैना देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई। वाहन देर रात लुधियाना जिले में मलेरकोटला रोड पर असंतुलित होकर जगेड़ा नहर में जा गिरा। इस भीषण हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग पानी में बह गए, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पानी में बहे लोगों की तलाश में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव मानकवाल के रहने वाले कुछ लोग रात 10 बजे के करीब हिमाचल प्रदेश में माता नैना देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। पिकअप गाड़ी में 22 लोग सवार थे, जिस वजह से गाड़ी ओवरलोड थी। गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी और एक वाहन को ओवरटेक करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के बाद चीख पुकार मच गयी। आसपास के ग्रामीणों ने बिना देर किए पानी में कूदकर बचाव की कोशिशें शुरू कर दी। कई श्रद्धालु पानी के तेज बहाव में बह गए जबकि कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाशा। आज सुबह तक 6 लोगों के शव नहर से निकाले गए जिन में दो बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान 52 साल के जरनैल सिंह, 58 साल की मंजीत कौर, डेढ़ साल की सुखमन कौर और 8 साल के बच्चे आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। बाकी 2 के नाम अभी सामने नहीं आए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल लुधियाना में भर्ती किया गया है। लुधियाना के डीसी हिमांशु जैन, खन्ना की एसएसपी ज्योति यादव और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान