60 कम्पोजिट मदिरा दुकानों का ई-टेंडर से होगा आवंटन, आबकारी विभाग ने जारी किया प्रेस नोट
आदित्य शर्मा
इंदौर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इंदौर जिले में मदिरा दुकानों के निष्पादन को लेकर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला इंदौर द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार जिले के 56 मदिरा समूहों में शामिल 173 कम्पोजिट मदिरा दुकानों में से 19 मदिरा समूहों की 60 दुकानों का निष्पादन बैच-2 के प्रथम चरण में ई-टेंडर (ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन) के माध्यम से किया जाएगा।
इन 19 मदिरा समूहों का वार्षिक मूल्य लगभग 6,54,20,15,093 रुपये निर्धारित किया गया है। यह पूरी प्रक्रिया मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) क्रमांक 45 दिनांक 20 फरवरी 2026 तथा आबकारी आयुक्त, म.प्र., ग्वालियर के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
जारी जानकारी के अनुसार यह आवंटन अवधि 01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी। ऑनलाइन टेंडर फॉर्म डाउनलोड एवं ऑफर सबमिट करने की तिथि 03 मार्च 2026 प्रातः 10:00 बजे से 05 मार्च 2026 दोपहर 02:00 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं ई-टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया 05 मार्च 2026 को दोपहर 02:05 बजे से प्रारंभ होकर पूर्ण होने तक चलेगी।
प्रत्येक मदिरा समूह के लिए ई-टेंडर निविदा प्रपत्र का मूल्य 30,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
आबकारी विभाग ने इच्छुक आवेदकों से निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, कक्ष क्रमांक 209, कलेक्ट्रेट परिसर, इंदौर से संपर्क किया जा सकता है।

