इंदौर एयरपोर्ट के पीछे सूखी घास में लगी आग, निगम-फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से पाया काबू

  • Share on :

राजेश धाकड़ 
इंदौर। शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की बाउंड्रीवॉल के पीछे स्थित खुले मैदान और जंगल क्षेत्र में सूखी घास में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना जोन 16, वार्ड 14 के अंतर्गत बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम, फायर ब्रिगेड, पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 6 बजे के समय एयरपोर्ट परिसर की पिछली ओर सूखी घास में धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील क्षेत्र के पास आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में सतर्कता बढ़ा दी गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम सक्रिय हो गई। जोन 01 से सहायक सीएसआई भारत करोसिया, जोन 16 से सहायक सीएसआई निक्की फथरोड और जोन 20 से सकील मंसूरी मौके पर पहुंचे। उनके साथ सहायक दारोगा अनूप पचवाल, सचिन सिरसिया और रिज़वान खान सहित अन्य कर्मचारी भी राहत कार्य में जुट गए। आसपास के जोनों से जेसीबी मशीनें और पानी के टैंकर तत्काल बुलवाए गए।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। नगर निगम फायर ब्रिगेड से सौरभ व्यास टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस और सीआईएसएफ ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
करीब कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि सूखी घास अधिक होने के कारण आग फैलने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन समय रहते किए गए प्रयासों से बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लापरवाहीवश जलती वस्तु फेंकी हो या फिर अत्यधिक गर्मी और सूखी घास के कारण आग भड़की हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुले क्षेत्रों में जलती वस्तुएं न फेंकें और आगजनी जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper