कोरेक्स के लिए 500 रुपये नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला, धनपुरी पुलिस ने दर्ज किया मामला
साहिल खान
धनपुरी। धनपुरी थाना क्षेत्र के कच्छी मोहल्ला में नशे के लिए रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक की कमर में चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर धनपुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कच्छी मोहल्ला निवासी अरमान अख्तर (25) अपने दोस्त मो. शाहिद के साथ अमरकंटक रोड से घर लौट रहा था। इसी दौरान इसरार की दुकान के सामने मो. तालिब ने दोनों को रोक लिया और कोरेक्स पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। अरमान ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर मो. तालिब ने कमर से चाकू निकालकर अरमान की बाईं कमर पर वार कर दिया। घटना के दौरान उसके दोस्त मो. शाहिद ने बीच-बचाव किया। वहीं मौके पर पहुंचे मो. सुहैल के सामने भी आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद पीड़ित ने धनपुरी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अरमान की जुबानी रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मो. तालिब के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 119(1) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की विवेचना कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक दीपक तिवारी द्वारा की जा रही है।

