अवैध कारखानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 5 इकाइयाँ सील
मयूर नगर, ग्राम बांक। जिला प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित हो रहे कारखानों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच इकाइयों को सील कर दिया। यह कारखाने बिना अनुमति संचालित किए जा रहे थे तथा इनमें ड्रम धुलाई का कार्य किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, ड्रमों की धुलाई के दौरान निकलने वाला गंदा एवं रासायनिक युक्त पानी सीधे आसपास की जमीनों में छोड़ा जा रहा था, जिससे क्षेत्र की भूमि और जल स्रोत प्रदूषित हो रहे थे। स्थानीय रहवासियों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कार्रवाई की।
निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित इकाइयों के पास संचालन की वैध अनुमति नहीं थी तथा पर्यावरणीय नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इसके पश्चात प्रशासनिक अमले ने तत्काल प्रभाव से पांच कारखानों को सील कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार साहब, पटवारी साहब, आर.आई. साहब सहित पंचायत सचिव जगदीश मेहता, पंचायत सरपंच सोहराब पटेल अभिषेक ठाकुर एवं अन्य पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

