युद्ध की आग में झुलसा हवाई सफर: दुबई में फंसे भारतीय छात्र, एयर इंडिया और इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसल
नई दिल्ली। मध्य एशिया में युद्ध की स्थितियों का बड़ा असर भारत पर भी पड़ रहा है। युद्ध का तत्काल परिणाम अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर देखने को मिल रहा है। रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट से सैकड़ों फ्लाइट कैंसल कर दी गईं। ऐसे में एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखी गई। विमान सेवाएं कैंसल होने के बाद लोग वैकल्पिक रास्ते से यात्रा करने के लिए टिकट काउंटर पर खड़े नजर आए। वहीं दुबई में भारत के सैकड़ों लोगों के फंसे होने की खबर है। पुणे के एक संस्थान के 64 छात्र भी दुबई में फंस गए थे। वे शैक्षिक यात्रा पर दुबई गए थे।
रविवार शाम तक यहां से करीब 100 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। इनमें 62 फ्लाइट आने वाली और 42 रवाना होने वाली थी। एयरलाइन्स यात्रियों को पहले ही संदेश भेजकर इसकी सूचना दे रही हैं ताकि एयरपोर्ट पर् भीड़ ना लगे और यात्री परेशान ना हों। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी के बीच घरेलू विमान सेवाएं भी बाधित हो रही हैं।
इस युद्ध की वजह से ना केवल खाड़ी देशों की विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं बल्कि यूरोपीय देशों का जाने वाली कई फ्लाइट भी कैंसल कर दी गई हैं। हालांकि एयर इंडिया ने कहा है कि सोमवार से विमान सेवाएं फिर से शुरू होंगी। उत्तरी अमेरिका और यूरोप की उसकी सिर्फ छह उड़नें रद्द रहेंगी। अन्य उड़ानों का मार्ग बदलकर उन्हें पश्चिम एशिया में वर्तमान में उपलब्ध हवाई क्षेत्र से होकर गुजारा जायेगा। हालांकि संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर को जाने वाली और वहां से आने वाली उसकी सभी उड़ानें सोमवार रात 11:59 बजे तक के लिए रद्द कर दी गई हैं।
पोस्ट में बताया गया है कि अमृतसर से बर्मिंघम जाने वाली उड़ान संख्या एआई117, बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली उड़ान संख्या एआई114, दिल्ली से जुरिक जाने वाली उड़ान संख्या एआई115 और वापसी की उड़ान संख्या एआई152, दिल्ली से कोपनहेगन जाने वाली उड़ान संख्या एआई157 और वापसी की उड़ान संख्या एआई158 सोमवार को रद्द रहेंगी। इसके अलावा, यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए अन्य सभी उड़ानों का परिचालन बदले हुए मार्ग से किया जायेगा।
एयरलाइंस ने एक अन्य पोस्ट में बताया है कि 28 फरवरी या उससे पहले बुक कराये गये और 05 मार्च तक की यात्रा के सभी टिकट रद्द करने या यात्रा की तिथि में बदलाव के लिए वह कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाएगी। गौरतलब है कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा की गई संयुक्त सैन्य कार्रवाई और उसके बाद ईरान द्वारा कई पश्चिमी एशियाई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किये गये हमलों से क्षेत्र में स्थिति काफी बिगड़ गयी है। इस कारण वहां जाने वाली सभी और वहां से होकर गुजरने वाली अधिकतर उड़ानों को रद्द करना पड़ा था। विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने बताया कि रविवार को उसकी 166 उड़ानें रद्द रहीं। उसने सोमवार को 162 और मंगलवार को 42 उड़ानें रद्द करने की सूचना दी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

