सिंधिया के दौरे से पहले खनियाधाना-पिछोर में हलचल तेज, कलेक्टर ने परखी तैयारियां

  • Share on :

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने खनियाधाना, पिछोर और बामौर कलां में कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
अतुल जैन
खनियाधाना। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री अपने प्रवास के दौरान शिवपुरी एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन, निरीक्षण तथा स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वच्छता एवं आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

(पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र के कार्यक्रम स्थलों का लिया जायजा)

कलेक्टर  अर्पित वर्मा ने पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव के साथ पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री द्वारा लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के स्थलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरौनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

(बामौर कलां उप तहसील भवन की कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश)

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत उप तहसील बामौर कलां के नवनिर्मित भवन का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने भवन की अधोसंरचना एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

(बूधोन राजापुरा में सड़क निर्माण के भूमिपूजन स्थल का निरीक्षण)

इसके बाद प्रशासनिक टीम ने विकासखंड खनियाधाना के ग्राम बूधोन राजापुरा पहुंचकर नवीन सड़क निर्माण के प्रस्तावित भूमिपूजन स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर  अर्पित वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रमों को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करें, ताकि कार्यक्रमों का सुचारू एवं सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, भाजपा जिलाध्यक्ष  जसवंत जाटव, पिछोर विधायक  प्रीतम सिंह लोधी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper