कुएं से महिला और सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद, इलाके में फैली सनसनी
पुलिस लाइन के नीचे पिपर वाले कुएं में मिले शव; महिला की पहचान शिवानी विश्वकर्मा के रूप में, पुलिस ने जांच शुरू की
करैरा। करैरा नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस लाइन के नीचे स्थित पिपर वाले कुएं से एक महिला और करीब सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। कुएं में शव होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी विनोद छाबई पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शिवानी विश्वकर्मा, पत्नी भूपेंद्र विश्वकर्मा, निवासी एलआईसी ऑफिस के पीछे, करैरा के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला ने बच्चे को दुपट्टे से अपने साथ बांध रखा था। इस घटनाक्रम ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
परिजनों के अनुसार महिला और बच्चा पिछले दिन से लापता थे। वहीं महिला के साथ कथित मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन सभी बिंदुओं की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला और बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य घटनाक्रम है? पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

