बुढ़ार पुलिस ने चोरी का किया त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
61 हजार रुपए नकद सहित करीब 80 हजार का मशरूका बरामद
साहिल खान
शहडोल/बुढ़ार। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना बुढ़ार पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को सुमन सोनकर पति स्व. बेटालाल सोनकर, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, एसबीआई बैंक के पीछे बुढ़ार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी गए माल की पतासाजी और अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों एवं संभावित स्थानों पर लगातार जांच की गई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी नील सिंह पिता धन सिंह गोंड, उम्र 18 वर्ष, निवासी अलवार थाना करनपठार जिला अनूपपुर, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 05 बुढ़ार, एसबीआई बैंक के पीछे के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया 61 हजार रुपए नकद एवं चांदी के सामान सहित कुल करीब 80 हजार रुपए कीमत का मशरूका बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को 26 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक रजनीश तिवारी थाना बुढ़ार के नेतृत्व में सउनि क्लेमेट जॉन, सउनि रविदास संत, प्रधान आरक्षक दशरथ प्रजापति, आरक्षक धर्मेंद्र सिंह, सुरजीत जाट, नरेंद्र सिंह एवं आरक्षक श्रीकांत गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

