बुलंदशहर हादसा: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाज के दौरान चाचा-भतीजे ने तोड़ा दम
बुलंदशहर। छतारी कस्बा क्षेत्र के आजाद रोड मोहल्ला में गुरुवार देर रात करीब एक बजे दो मंजिला कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में 70 वर्षीय चंद्रकला और उनका बेटा राजेश (30) व पोता सचिन (20) दब गए। मौके पर रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग स्थानीय पुलिस और प्रशासन की पुलिस टीम पहुंच गई।
एडीएम वित्त अभिषेक सिंह ने बताया कि देर रात को बचाव कार्य के दौरान करीब दो बजे मलबे में से बुजुर्ग महिला चंद्रकला को बाहर निकल गया, जिनको दानपुर सीएचसी पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए वहां से उनको अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद रात करीब तीन बजे मलबे में से राजेश और सचिन को एक साथ निकाला गया, जिनका पहले दानपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान राजेश और सचिन की मौत हो गई। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया।
चंद्रकला के बड़े बेटे और सचिन के पिता ज्ञानचंद ने बताया कि वह और उनके तीनों भाई गांव में अलग-अलग मकान में रहते हैं। चारों भाइयों में राजेश सबसे छोटे थे तो वह मां के साथ पैतृक मकान में रहते थे। ज्ञानचंद के बेटे सचिन और राजेश के बीच चाचा-भतीजे के रिश्ते के अलावा अच्छी दोस्ती भी थी। इसलिए गुरुवार रात को सचिन अपने चाचा के पास सोने चला गया था। देर रात को हुए हादसे में उनके भाई और बेटे दोनों की मौत हो गई। वहीं उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है, जो अभी अलीगढ़ में ही भर्ती हैं।
साभार अमर उजाला

