ग्राम पंचायत में दबंगई ग्रामीण ने पंचायत कर्मियों से की गली गलौज भवन में जड़ा ताला
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। मध्य प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में पंचायत कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्राम पंचायतों में कार्य करना दिन-ब-दिन चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ताजा मामला जनपद पंचायत बुढार के अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर से सामने आया है, जहां एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा पंचायत कर्मियों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए पंचायत भवन में ताला जड़ दिया। गाली-गलौच कर ताला जड़ने का का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्ष दर्शियो के अनुसार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बुढार के ग्राम शाहपुर निवासी रघुनंदन सिंह कवर पंचायत भवन पहुंचकर मोबिलाइजर जगदीश पाल साहू एवं सरपंच पति के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। बताया जा रहा है कि वह तालाब से संबंधित मस्टर रोल की मांग कर रहा था, पंचायत कर्मियों द्वारा उसे समझाया गया कि मस्टर रोल मूल्यांकन हेतु उपयंत्री के पास भेजा गया है और वापस आते ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बावजूद रघुनंदन सिंह ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कर्मचारियों को मां-बहन की गालियां दीं और पंचायत भवन में ताला जड़ दिया, इस घटना से पंचायत कर्मचारियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
पंचायत कर्मियों ने की शिकायत
घटना के बाद सरपंच पति एवं पंचायत कर्मियों द्वारा जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के बजाय मामले को जांच में डाल दिया। जबकि मौके पर वीडियो और प्रत्यक्षदर्शी गवाह मौजूद थे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
संगठन अध्यक्ष कि चेतावनी
वहीं, पंचायत रोजगार सहायक संगठन के जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे मध्यप्रदेश में पंचायत कर्मी कार्य बंद कर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं इस पूरे मामले में जनपद सीईओ बुढार राजीव लघाटे ने जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति द्वारा पंचायत भवन में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किया ,जिसकी शिकायत थाने में कराई गई है।

