मायापुरी गणेश मंदिर में चौरसिया समाज ने मनाया भव्य भुजलिया उत्सव
राजेश धाकड़
इंदौर। मायापुरी स्थित गणेश मंदिर में चौरसिया समाज द्वारा पारंपरिक भुजलिया उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आयोजन में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर समाज के सदस्य रामेश्वर चौरसिया ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भुजलिया पर्व के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भुजलिया उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी कृषि परंपराओं, जल संरक्षण और सामाजिक एकजुटता की भावना से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाएं तथा समाज में आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। आयोजन के अंत में प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मायापुरी गणेश मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। समाजजनों ने सामूहिक रूप से सुख-समृद्धि एवं समाज की उन्नति की कामना की।

