आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजे श्रीकृष्ण के बाल रूप के जयकारे, बच्चों ने मनाई जन्माष्टमी"

  • Share on :

बाल लीलाओं पर आधारित गतिविधियों में नन्हे-मुन्नों ने उत्साह से लिया हिस्सा, माताओं ने भजनों से बांधा समां
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी । कलेक्टर  आशीष तिवारी के निर्देशानुसार   जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व उत्साह, उमंग और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र नन्हे-मुन्ने बच्चों की कृष्णमय गतिविधियों और उल्लास से सराबोर नजर आए।
जन्माष्टमी के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को आत्मसात करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कहीं बच्चे नटखट कन्हैया के रूप में नजर आए तो कहीं बाल गोपाल की मनमोहक झांकियों और गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की माताओं द्वारा भजन सत्र आयोजित किए गए। कृष्ण भजनों से आंगनबाड़ी केंद्रों का वातावरण भक्तिमय हो गया। माताओं और बच्चों ने मिलकर जन्माष्टमी के उल्लास को साझा किया और पर्व को आनंदपूर्वक मनाया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष पौष्टिक भोजन का वितरण भी किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों एवं उनकी माताओं को सुपोषण, संतुलित आहार और बच्चों के स्वस्थ विकास के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के दैनिक आहार में पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर नियमित ध्यान देने के लिए माताओं को प्रेरित किया।
जन्माष्टमी के आयोजन ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को संस्कार, संस्कृति, भक्ति और सुपोषण के सुंदर संगम में बदल दिया। पर्व के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से परिचित कराने के साथ ही उनके स्वस्थ एवं समग्र विकास का संदेश भी दिया गया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper