थाना सिविल लाइन पुलिस की बड़ी सफलता: मणप्पुरम फाइनेंस से चोरी हुआ ₹17 लाख का सोना बरामद, कर्मचारी गिरफ्तार

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी का खुलासा, आरोपी ने घर की सीलिंग लाइट में छिपाकर रखा था सोना फरियादी शुभम तिवारी पिता मांगीलाल तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सिरनोटा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड, विदिशा शाखा के कार्यालय की दराज में गोल्ड लोन के विरुद्ध गिरवी रखा गया सोने का पैकेट रखा था, जिसे दिनांक 05.11.2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। ब्रांच मैनेजर द्वारा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी राजेश साहू पर चोरी करने का संदेह व्यक्त किया गया था फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 873/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।तकनीकी साक्ष्यों एवं साक्षियों के कथनों से खुला चोरी का मामला
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा शाखा में लगे CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा साक्षियों के कथन लिए गए। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संदेही राजेश साहू पिता गजराज सिंह साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी महुआखेड़ा पृथ्वीराज, थाना आनंदपुर, जिला विदिशा, हाल निवासी पूरनपुरा गली नंबर 04, एकता कॉलोनी, विदिशा से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।
घर की सीलिंग लाइट में छिपाकर रखा था चोरी का सोना
आरोपी ने अपने घर के शटर वाले कमरे की सीलिंग लाइट के अंदर चोरी किया गया सोना छिपाकर रखना बताया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर उक्त स्थान से चोरी गया सोना बरामद किया गया, जिसमें 06 सोने की चूड़ियां, 02 कान के झुमके, 01 लॉकेट सहित चैन, 01 हार एवं 01 मोहर शामिल हैं। बरामद सोने की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹17,00,000/- (सत्रह लाख रुपये) है।
पुलिस द्वारा आरोपी राजेश साहू को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय विदिशा के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।उक्त कार्रवाई में निरीक्षक राजपाल सिंह जादौन, उप निरीक्षक मकसूद अली, आरक्षक संदीप जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक दिलीप शर्मा एवं महिला आरक्षक पूजा चौहान की  भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper