उत्तर भारत में 'शीतलहर' का अटैक! पहाड़ों की बर्फबारी से 4 डिग्री तक लुढ़का पारा, IMD ने जारी की चेतावनी
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद नमी बढ़ने और बादलों की छंटने की वजह से अब बर्फीली हवाओं की वजह से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से पूरे उत्तर भारत में पारा 4 डिग्री तक लुढ़क गया है। दिल्ली एनसीआर में भी हवाओं के रफ्तार पकड़ने की वजह से प्रदूषण से राहत मिली है और ठंड को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। अमरनाथ यात्रा आधार शिविर जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने की ‘‘बहुत अधिक संभावना’’ है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 6.8 डिग्री से अधिक है लेकिन सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था, जबकि सुबह सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है, साथ ही धुंध की भी संभावना जताई है।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर में कश्मीर में रात के तापमान में कई डिग्री की वृद्धि हुई, लेकिन यह हिमांक बिंदु से नीचे रहा। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर में पहलगाम रिसॉर्ट, जम्मू -कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम रिसॉर्ट वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करता है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 3.2 डिग्री अधिक है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

