एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मृत्यु की एसआईटी जांच की मांग

  • Share on :

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने अलीराजपुर जिले के ग्राम अकलवा निवासी एमबीबीएस छात्रा कु. रोशनी (पिता – चंदरसिंह कलेश) की भोपाल में हुई संदिग्ध मृत्यु के मामले में विशेष जांच दल (SIT) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
डॉ. भूरिया ने मुख्यमंत्री  मोहन यादव को पत्र लिखकर बताया है कि छात्रा भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत थी। दिनांक 10 फरवरी 2026 को छात्रावास के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव मिलने से पूरे आदिवासी समाज एवं परिजनों में गहरा आक्रोश और शंका व्याप्त है। परिजनों ने इसे आत्महत्या न मानते हुए हत्या की आशंका जताई है तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
डॉ. भूरिया ने कहा कि मामला आदिवासी समाज की होनहार छात्रा से जुड़ा होने के कारण अत्यंत गंभीर है। ऐसे में सत्य सामने लाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु एसआईटी गठित कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र एसआईटी( SIT) गठन के आदेश जारी किए जाएं, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में विश्वास कायम रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper