बांगो जल विद्युत गृह में आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल सफल, सात मिनट में आग पर पाया काबू

  • Share on :

कोरबा, 8 अक्टूबर। हसदेव बांगो जल विद्युत गृह, माचाडोली में बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं इमरजेंसी रिस्पांस के तहत मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान ट्रांसफार्मर यार्ड में भीषण आग लगने की काल्पनिक आपातकालीन स्थिति निर्मित कर फायर एवं इमरजेंसी रिस्पांस टीम की तत्परता, समन्वय और अग्निशमन क्षमता का परीक्षण किया गया। अभ्यास के दौरान इमरजेंसी सायरन बजते ही फायर एवं इमरजेंसी रिस्पांस टीम तत्काल सक्रिय हुई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण की कार्रवाई शुरू की। फायर स्टाफ ने करीब सात मिनट में आग पर प्रभावी रूप से नियंत्रण पाने का प्रदर्शन किया।
मॉकड्रिल के दौरान ट्रांसफार्मर यार्ड में आग को अन्य हिस्सों तक फैलने से रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर दुर्घटना को नियंत्रित करने का अभ्यास कराना था।मॉकड्रिल में राकेश चंद्र गुप्ता, राजेश बंजारा, सुनील कुमार टोप्पो, रामसिंह उइके, पीयूष सोमानी, हीरेंद्र पाल, अमित कंवर, पानरिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। अंत में प्रबंधन ने मॉकड्रिल को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, फायर एवं सिक्योरिटी स्टाफ तथा ठेका श्रमिकों का आभार व्यक्त किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper