बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान तेजी से गिरा, लोगों की छुटी कंपकंपी, फिर लौटी ठंड
नई दिल्ली। ठंड एक बार फिर से लौट आई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान तेजी से गिरा है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में सर्द हवाएं चल रही हैं जिससे लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का यह असर है। एक और विक्षोभ असम के आसपास के क्षेत्र पर स्थित है। इसके चलते अरुणाचल में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 8 फरवरी से हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके कारण 8-12 तारीख के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बदरा बरस सकते हैं। राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 9.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20.02 सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हालांकि, हल्की सर्द हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम रहा।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसके चलते न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां रात को तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गोंडल में 9 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई जबकि केलांग में 6, कल्पा में 3.6 और कोठी में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश भी हुई। मनाली में 20 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि डलहौजी में 7 मिमी, कटौला में 6.1 मिमी और भरमौर में 5 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि चंबा, ऊना और बर्थिन में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है जबकि मनाली और कल्पा में दिन के समय ठंड रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान