इंदौर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 500 पेटी शराब बरामद

  • Share on :

45 लाख रुपए की शराब जब्त, तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटा विभाग
पत्रकार :-  खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इंदौर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई यह कार्रवाई दो दिनों में आबकारी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आबकारी टीम को देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन खड़ा दिखाई दिया। संदेह के आधार पर टीम ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एम बूस्टर प्लस आयशर वाहन क्रमांक MP 09 GH 2370 से PARIIS ROSE PREMIUM WHISKEY की 180 एमएल क्षमता वाली लगभग 500 पेटियां बरामद हुईं।
बड़ी मात्रा में शराब की खेप मिलने के बाद आबकारी विभाग ने शराब को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही अवैध शराब के परिवहन में शामिल लोगों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper