अवैध शराब परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

  • Share on :

बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस से 85 पाव देशी शराब बरामद, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को वृत्त आंतरिक-02 में आबकारी विभाग की टीम ने गश्त के दौरान संदिग्ध दोपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई।

जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान टीम को बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस 125 दोपहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। शंका के आधार पर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की से 45 पाव देशी मदिरा मसाला और 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, कुल 85 पाव देशी शराब बरामद की गई। आबकारी टीम ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन को मौके से जब्त कर लिया।

मामले में आकाश सिलावट एवं संजू जोशी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई मदिरा एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1,02,770 रुपये है।

यह कार्रवाई कलेक्टर इंदौर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार की गई। कार्रवाई का नेतृत्व कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी एवं डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल द्वारा किया गया। मौके पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी एवं आबकारी उपनिरीक्षक त्रिअंबिका शर्मा की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान आबकारी आरक्षक वीरेंद्र, विक्रम, संजय, शुभम, एलन, उस्मान, राहुल एवं ज्योति का भी सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper