174 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार बने हीरो, पीएम मोदी ने की बहादुरी की तारीफ
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैंकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है। पीएम मोदी ने पायलट स्मित मच्छार को हीरो बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, 'स्मित मच्छार एक हीरो हैं.' पीएम मोदी ने कहा कि बहुत ही खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भी उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत ही हिम्मत दिखाई। उनकी बहादुरी की वजह से ही सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। हम उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से फोन पर बात की। विमान में हुई गंभीर घटना के दौरान घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा में भूमिका निभाने वाले कैप्टन मच्छार की प्रधानमंत्री ने बहादुरी की सराहना की।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कैप्टन मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने उनकी हिम्मत की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली। प्रधानमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन कैप्टन मच्छार के इलाज और अन्य जरूरी मामलों में हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास भी उनके परिवार के संपर्क में है और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय कर मदद उपलब्ध करा रहा है।
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक कर क्रैश करने की कोशिश की गई। आरोपी सह-पायलट ही था, लेकिन विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने आरोपी की साजिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान आरोपी सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया और विमान के सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि मुश्किल हालात में भी कैप्टन स्मित मच्छार ने चाकू के कई वार झेलने के बावजूद गजब की हिम्मत दिखाते हुए विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोला। जिसके बाद विमान में सवार दो ऑफ ड्यूटी इस्राइली पायलट और अन्य यात्रियों ने हमलावर को काबू किया और 174 यात्रियों को ले जा रहे विमान को क्रैश होने से बचा लिया। इस घटना में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका सऊदी अरब के ताबुक में एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
साभार अमर उजाला

