इंदौर में सुबह 10 बजे तक छाया रहा कोहरा, अभी दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

  • Share on :

इंदौर। रविवार को हुई जोरदार बारिश के बाद आज यानी बुधवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली। सुबह से ही इंदौर शहर और आसपास घना कोहरा छाया हुआ है। दो सौ मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो रहा है। वहीं शहर के बाहर वाले रास्तों पर सौ मीटर दूर का दिखना मुश्किल हो रहा है। इससे वाहन चालकों को हेड लाइट आॅन करके गाड़ियां चलाना पड़ी। सुबह 10 बजे तक भी घना कोहरा बना है।
दूसरी ओर मौसम विभाग का दावा है कि आज भी बारिश के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी और तापमान में गिरावट आएगी। इससे एक बार फिर ठिठुरन बढ़ेगी जो दो दिन तक रह सकता है। मौसम केंद्र ने इस मामले में अलर्ट जारी किया है।
इधर, नर्सरी से पांचवीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। आज से कोई भी निजी या सरकारी स्कूल सुबह नौ बजे के पहले नहीं लगाया जा सकेगा। बाकी की कक्षाएं पहले की तरह लगती रहेंगी।
रविवार को इंदौर में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जिसने नवंबर में पिछले दस साल की बारिश का रिकॉर्ड तोड़ा। सोमवार को भी लगभग दिनभर बारिश होती रही। हालांकि इस दौरान 2 मिमी बारिश ही दर्ज की गई। मंगलवार को सुबह से बादल छाने के साथ बीच में धूप भी निकली और बारिश नहीं हुई। इस दौरान दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस (-5) रहा। दिनभर 11 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवा चली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस 75 डिग्री लेटिट्यूड के सहारे अभी भी ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही इन्डुज साइक्लोनिक प्रेशर जो गुजरात के ऊपर था, वह फतेहपुर की दिशा में मूव कर चुका है। दूसरी ओर पश्चिम मप्र से लगने वाले दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान में अभी भी साइक्लोनिक प्रेशर सक्रिय है। साथ में एक लो प्रेशर एरिया अंडमान सागर के आसपास भी सक्रिय हो चुका है। कुल मिलाकर सिस्टम कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। डॉ. सिंह के मुताबिक 29 नवम्बर की रात से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने का अनुमान है। इससे इंदौर-उज्जैन संभाग में एक बार फिर बारिश शुरू होगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper