10 से अधिक डेयरियों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच
रैपिड टेस्ट किट से मौके पर हुई दूध की गुणवत्ता की जांच
सवादता:- पुनीत सेन
खंडवा। मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को खंडवा शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयूरी डोंगरे एवं राधेश्याम गोले की टीम ने शहर की 10 से अधिक डेयरियों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान सतगुरु डेयरी, दुर्गा मिल्क प्रोडक्ट सहित अन्य डेयरियों से दूध के नमूने लेकर उनकी शुद्धता एवं गुणवत्ता की जांच मौके पर ही रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से की गई। अधिकारियों ने डेयरी संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने बताया कि जांच के लिए लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई सामग्री अमानक या मिलावटी पाई जाती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

