छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर भव्य वाहन रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
इंदौर। राष्ट्र गौरव छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्म जयंती के उपलक्ष्य में 19 फरवरी को मराठी समाज द्वारा भव्य एवं विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में समाज के सैकड़ों लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “जय भवानी, जय शिवाजी” के जयघोष से पूरे शहर को शिवमय बना दिया।
रैली के पश्चात शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य तथा नाट्य मंचन के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को जीवंत किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि शंकर लालवानी जी, पुष्यमित्र भार्गव जी एवं स्वाति ताई कशीद जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही गुड्डू जयसवाल जी, हरिओम मीना जी (मीणा समाज के अध्यक्ष), नितिन गवली जी, अक्षय शर्मा जी तथा गोपाल गावंडे (संपादक, रणजीत टाइम्स) की गरिमामयी उपस्थिति में यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल मराठी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और सुशासन का आदर्श प्रस्तुत करता है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज का कर्तव्य है।

