आधा भारत भीषण गर्मी की चपेट में, 14 जून से राहत की बूंदों के आसार

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो देश में सर्वाधिक है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून के बृहस्पतिवार से फिर सक्रिय होने और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 जून की रात से उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।
आईएमडी ने ट्वीट कर कहा कि 14 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में हीट वेव की स्थिति में धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 3 दिनों तक धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले 3-4 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान अगले तीन दिनों तक रेड अलर्ट पर रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर बुधवार और बृहस्पतिवार को रेड अलर्ट पर हैं उसके बाद 13 जून को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 की रात से हल्की बारिश और आंधी-तूफान के बाद कुछ राहत मिल सकती है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper