बायपास पर 55 लाख की हरियाणा निर्मित शराब जब्त, कंटेनर पकड़ाया

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अवैध शराब के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इंदौर में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने बायपास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कंटेनर की जांच की। तलाशी के दौरान कंटेनर से हरियाणा निर्मित शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद की गईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बरामद शराब को जब्त कर कंटेनर को अभिरक्षा में ले लिया। इतनी बड़ी मात्रा में हरियाणा निर्मित शराब मिलने के बाद मामला अंतरराज्यीय अवैध शराब परिवहन और तस्करी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
विभागीय अधिकारियों द्वारा अब शराब के स्रोत, गंतव्य और परिवहन से जुड़े लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर या आसपास के किस क्षेत्र में पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
आबकारी विभाग ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper